एक अप्रैल 2023 से हर शहर में मिलना शुरु होगा ई-20 पेट्रोल, जानें कैसे होगा संभव
सभी पेट्रोल पंप पर दस फीसदी इथेनॉल ब्लेंडिग वाला ई-10 पेट्रोल उपलब्ध होगा। सरकार ने 2025 तक पेट्रोल में बीस प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिग का लक्ष्य रखा है, पर ई-20 की शुरुआत एक अप्रैल 2023 से हो जाएगी। इस वक्त देश में 80 फीसदी पेट्रोल पंप पर ई-10 पेट्रोल उपलब्ध है। सरकार का कहना है कि इससे चीनी निर्यात सब्सिडी को कम करने में मदद मिलेगी।
पेट्रोलियम सचिव तरुण कपूर ने कहा कि 2025 में पेट्रोल में बीस फीसदी इथेनॉल ब्लेंडिग के लिए एक हजार करोड़ लीटर इथेनॉल की जरुरत होगी। इथेनॉल कई और उत्पादों में भी इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए, मंत्रालय ने 2025 तक पंद्रह सौ करोड़ लीटर इथेनॉल उत्पादन क्षमता का लक्ष्य रखा है। ताकि, पेट्रोल में बीस फीसदी ब्लेंडिग के लिए पर्याप्त मात्रा में इथेनॉल की उपलब्धता बनी रहे।
तरुण कपूर ने कहा कि इथेनॉल की कीमत औसतन 57 रुपए से आसपास है। ऐसे में 2025 में घरेलू बाजार में पचास हजार करोड़ रुपए आएगे। उनके मुताबिक, इथेनॉल ब्लेंडिग से कच्चे तेल के आयात में बहुत ज्यादा फर्क नहीं आएगा, क्योंकि उस वक्त तक हमारी तेल की मांग भी बढ जाएगी। पर हम आयात में वृद्धि को काफी हद तक स्थिर करने में कामयाब रहेगें। वहीं, प्रदूषण भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि 2025 में बीस फीसदी इथेनॉल ब्लेंडिग के लिए सिर्फ सरप्लस चीनी, खराब चावल या मक्का का इस्तेमाल किया जाएगा। देश की खाद्य सुरक्षा की बुनियाद पर इथेनॉल का उत्पादन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरप्लस चीनी से इथेनॉल बनाने से किसानों और चीनी मिलों को फायदा है। इस वक्त सरकार सरप्लस चीनी पर निर्यात करने पर मिलो को सब्सिडी देती है।