कोई भी गैंगस्टर बहुत लंबे समय तक कानून ने नहीं भाग सकताः कैप्टन अमरिंदर सिंह
चंडीगढ़ (अश्विनी) विक्की गौंडर और प्रेम लाहौरिया के एनकाउंटर को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पूर्ण विराम लगा दिया है। कैप्टन ने एनकाउंटर को सही ठहराते हुए कहा कि उन्हें पुलिस के प्लान की पूरी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि हमें युवाआें को गोलियों से उड़ाने पर दुख होता है, लेकिन कई बार कोई रास्ता नहीं बचता। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पत्रकारों से बातचीत में ने गौंडर व प्रेमा के परिवार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने अपने प्लान की पूरी जानकारी दी थी। उसके बाद ही इसे अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी युवा गैैंगस्टर्स इस रास्ते को छोड़ कर सरेंडर कर दें। अगर आप समाज के लिए खतरा बनते हैैं, तो हमारे पास भी इसके अलावा कोई और हल नहीं रह जाता। क्योंकि कोई भी गैंगेस्टर बहुत लंबे समय तक कानून से भाग नहीं सकता। सरकार ने गैंगस्टर्स की लिस्ट तैयार करवा ली है। कैबिनेट विस्तार के संबंध में उन्होंने संकेत दिए कि यह फरवरी के अंत तक हो सकता है। लुधियाना नगर निगम चुनाव के तुरंत बाद ही कैबिनेट का विस्तार कर दिया जाएगा। नगर निगम चुनाव 24 फरवरी तक हो सकते हैं।
गौंडर के मामा के आरोप निराधार : धर्मसोत
इंस्पेक्टर बिक्रम बराड़ का पक्ष लेते हुए मंत्री साधू सिंह धर्मसोत ने गैंगस्टर विक्की गौंडर के मामा के आरोपों को खारिज किया है। धर्मसोत ने कहा कि गौंडर के मामा गुरभेज सिंह ने आरोप लगाया था कि गौंडर को बुला धोखे से उसका एनकाउंटर किया गया है। उन्होंने नाभा में पत्रकारों से कहा कि गुरभेज ने सालभर गौंडर को पुलिस के पास आत्मसमर्पण के लिए पेश क्यों नहीं किया? उसके मामा को यह नहीं भूलना चाहिए की इस एनकाउंटर में दो पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। उनकी सरकार किसी को भी पंजाब के शांत माहौल को खराब करने की इजाजत नहीं देगी।